
सिलवानी। कटक के जंगल के पास संदिग्ध हालत में जा रहे एक ट्रक से 23 नग गौवंश बरामद किए जाने का मामला सामने आया है। ट्रक चालक और उसका सहयोगी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी हीरालाल कुशवाहा पिता हरीराम कुशवाहा निवासी वार्ड क्रमांक 15 सिलवानी अपने साथियों राहुल नामदेव, जसमन राजपूत एवं अनिकेत पोरिया के साथ मंगलवार को रात्रि करीब 12:15 बजे देवरी से प्रतापगढ़ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कटक के जंगल के पास एक ट्रक क्रमांक एमएच31सीबी 5969 संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया, जिसकी बॉडी त्रिपाल से ढकी हुई थी।
संदेह होने पर युवकों ने ट्रक को रुकवाया। आरोप है कि ट्रक रुकते ही चालक और हेल्पर वाहन से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। इसके बाद जब ट्रक की त्रिपाल खोलकर देखा गया तो अंदर 23 गौवंश ठूस-ठूसकर भरे हुए मिले। बताया गया कि पशुओं के मुंह और पैर रस्सियों से बंधे हुए थे तथा कई गौवंश अचेत अवस्था में थे।
फरियादी का आरोप है कि आरोपित उक्त गौवंश को अवैध रूप से परिवहन कर गोवध के उद्देश्य से ले जा रहे थे। इसके बाद ट्रक को मय गौवंश थाना लाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर अज्ञात चालक एवं उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा गौवंश को सुरक्षित स्थान पर भिजवाने की व्यवस्था की गई है। आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता एवं संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
