बेंगलुरु, 18 अगस्त (वार्ता) रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सोमवार को एफएमसीजी क्षेत्र में कारोबार करने वाली अपनी इकाई रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) के माध्यम से हेल्दी फंक्शनल पेय पदार्थ बनाने के लिए एक संयुक्त उपक्रम की घोषणा की। इस उपक्रम में उसकी प्रमुख हिस्सेदारी होगी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सोमवार को बताया कि उसने नेचरएज बेवरिजेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ इस संयुक्त उपक्रम का गठन किया है। यह उपक्रम औषधीय-प्राकृतिक पेय पदार्थ बनायेगा।
आयुर्वेदिक उत्पाद बनाने वाली कंपनी बैद्यनाथ ग्रुप के प्रवर्तक परिवार के सिद्धेश शर्मा द्वारा 2018 में स्थापित नेचरएज बेवरीजेज ने आधुनिक समय में लोगों के पसंदीदा पेय पदार्थों के साथ आयुर्वेद को मिलाकर नये उत्पाद पेश किये हैं। ‘शून्य’ के नाम से प्रसिद्ध उसके औषधीयुक्त फंक्शनल पैकेज्ड पेय में जीरो-शुगर और जीरो कैलोरी है जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं। इसे अश्वगंधा, ब्राह्मी, खस, कोकुम और ग्रीन टी मिलाकर तैयार किया गया है।
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के कार्यकारी निदेशक केतन मेहता ने संयुक्त उपक्रम के गठन पर खुशी जाहिर करते हुये कहा कि ‘शून्य’ ने काफी कम समय में स्वास्थ्य को लेकर सजग ग्राहकों के बीच काफी लोकप्रियता हासिल कर ली है। अब ग्राहक ज्यादा नवाचार और औषधीय-प्राकृतिक पेय पदार्थों की विस्तृत रेंज की अपेक्षा कर सकते हैं।
नेचरएज बेवरिजेज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सिद्धेश शर्मा ने कहा कि यह संयुक्त उपक्रम दोनों कंपनियों के लिए लाभदायक है। चुनौतीपूर्ण जीवनशैली के साथ अश्वगंधा और ब्राह्मी जैसे सुपर-हर्ब न सिर्फ प्राकृतिक रूप से तनाव कम करते हैं बल्कि मजबूती, स्टेमिना और फोकस भी बढ़ाते हैं। आरसीपीएल के वितरण एवं आपूर्ति श्रृंखला के विस्तृत नेटवर्क से ‘शून्य’ समूचे देश के ग्राहकों तक पहुंच सकेगा।

