
छिंदवाड़ा । न्यूटन चौकी क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद के बाद बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर पर दामाद ने लकड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय ससुर की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। न्यूटन चौकी प्रभारी अविनाश पारधी के अनुसार आरोपी संतराम सोनकर का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद की जानकारी मिलने पर उसके ससुर बंसोड बरखाने पिता भोपत बरखाने 65 वर्ष मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने का प्रयास किया।
इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आक्रोशित संतराम सोनकर ने अपने ससुर बंसोड बरखाने पर लकड़ी से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। परिजन घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी संतराम सोनकर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और विवाद की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
