
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे को वर्ष 2025 के लिए प्रदान की गई प्रतिष्ठित ओवरऑल दक्षता शील्ड सोमवार सुबह गोंडवाना एक्सप्रेस से दिल्ली से जबलपुर स्टेशन पहुंचते ही उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर रेलवे स्कूल से लेकर पमरे मुख्यालय तक आरपीएफ के बैंड बाजा के साथ भव्य स्वागत किया गया। शील्ड मुख्यालय पहुंचने पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रेल संगठनों ने शील्ड का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर ढोल-नगाड़ों और तालियों के बीच शील्ड को सम्मानपूर्वक मुख्यालय परिसर में लाया गया। उल्लेखनीय है कि ओवरऑल दक्षता शील्ड रेलवे बोर्ड द्वारा विभिन्न मंडलों और जोनों के प्रदर्शन के आधार पर दी जाती है। इसमें परिचालन, सुरक्षा, समयपालन, माल एवं यात्री परिवहन, वित्तीय प्रबंधन तथा यात्री सुविधाओं जैसे प्रमुख मानकों पर किए गए उत्कृष्ट कार्यों का मूल्यांकन किया जाता है। इन सभी कसौटियों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने यह उपलब्धि हासिल की है। वरिष्ठ अधिकारियों ने इस सफलता का श्रेय पमरे के सभी रेलकर्मियों को देते हुए कहा कि टीमवर्क, अनुशासन और सतत सुधार की भावना के कारण ही यह मुकाम संभव हो सका है।
