
सीतामऊ। थाना क्षेत्र के ग्राम दीपाखेड़ा में सोमवार को सोयाबीन की फसल निकालते समय थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से 28 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दीपाखेड़ा निवासी दिलीप सिंह (28), पिता भंवर सिंह राजपूत अपने खेत पर सोयाबीन की फसल की थ्रेशिंग कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका हाथ थ्रेशर की चपेट में आ गया और मशीन ने उन्हें अंदर खींच लिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना से राजपूत परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
थ्रेशर चलाते समय बरतें सावधानी
वर्तमान में सोयाबीन सहित खरीफ फसलों की कटाई एवं थ्रेशिंग का कार्य चल रहा है। ऐसे में किसानों को थ्रेशर मशीन का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मशीन में फसल डालते समय हाथ व शरीर को सुरक्षित दूरी पर रखें तथा ढीले कपड़े पहनने से बचें। थोड़ी सी सावधानी बरतकर ऐसे हादसों को टाला जा सकता है।
