
जबलपुर। अधिवक्ताओं और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से शासकीय इंश्योरेंस स्कीम का चार दिवसीय कैंप सोमवार से हाईकोर्ट परिसर स्थित बार एसोसिएशन हॉल में शुरू हुआ। कैंप का शुभारंभ न्यायमूर्ति विवेक रूसिया, न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल, न्यायमूर्ति विवेक जैन और न्यायमूर्ति आदित लोहोटी की मौजूदगी में हुआ। न्यायाधीशों ने अधिवक्ताओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। कैंप में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, बार पदाधिकारी और उनके परिवारजन पहुंचे तथा स्वास्थ्य, दुर्घटना और जीवन बीमा सहित योजना में उपलब्ध सुरक्षा कवच की जानकारी ली।
इस अवसर पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मृगेन्द्र सिंह, सचिव असीम त्रिवेदी, उपाध्यक्ष विश्वास पलिया व सत्येन्द्र ज्योतिषी, महिला उपाध्यक्ष अनुराधा तिवारी चौबे, सहसचिव रूपेश पटेल, कोषाध्यक्ष सुशीला पालीवाल और पुस्तकालय सचिव अजय शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। न्यायाधीशों ने कहा कि बीमा योजना अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के लिए कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा का माध्यम बनेगी। उन्होंने अधिवक्ताओं से कैंप में पहुंचकर स्वयं और परिवार का पंजीयन कराने का आग्रह किया।
