
झाबुआ. पंचायत उप-निर्वाचन (पूर्वार्द्ध) 2026 के अंतर्गत 29 सितम्बर को होने वाले मतदान के लिए झाबुआ जिले में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला पंचायत वार्ड क्रमांक 06, जनपद पंचायत राणापुर तथा ग्राम पंचायत पलासडोर, जनपद पंचायत थांदला में सरपंच पद के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया को सुचारू, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री का वितरण किया गया।
सांदीपनि विद्यालय, राणापुर से आयोजित सामग्री वितरण प्रक्रिया के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. योगेश तुकाराम भरसट तथा पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार की उपस्थिति में कुल 102 मतदान दलों और 11 रिजर्व मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री वितरित की गई। सामग्री प्राप्त करने के बाद सभी मतदान दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. भरसट ने मतदान दलों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और सतर्कता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रखने तथा मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने मतदान के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सामग्री वितरण स्थल पर मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। आवश्यक व्यवस्थाओं के कारण सामग्री वितरण की प्रक्रिया व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
