
इंदौर. यातायात व्यवस्था संभालने के साथ लोगों को सड़क सुरक्षा के नियम समझाने के लिए एनसीसी कैडेट्स भी चौराहों पर नजर आए. यातायात पुलिस ने 9 एमपी बटालियन के कैडेट्स को पहले ट्रैफिक संचालन का प्रशिक्षण दिया. इसके बाद शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस के साथ यातायात संभाला और वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की समझाइश दी.
कैडेट्स को चौराहों पर यातायात संकेतों के इस्तेमाल, वाहन रोकने और आगे बढ़ाने के तरीके सहित जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई. इसके बाद उन्होंने यातायात पुलिस और ट्रैफिक वार्डन्स के साथ मिलकर व्यवस्था संभाली. वाहन चालकों को रेड लाइट पर रुकने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए कहा गया है. यातायात पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य युवाओं को यातायात व्यवस्था से जोड़ने के साथ आम लोगों में भी नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है. एनसीसी की विभिन्न इकाइयों के कैडेट्स आगे भी यातायात पुलिस के साथ जागरूकता और यातायात प्रबंधन में सहयोग करेंगे.
