मंडला: टिकरिया थाना क्षेत्र के बबैहा पुल पर बुधवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक चांवल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरा। बताया गया कि हादसा ट्रक का टायर फटने से हुआ। वाहन तेज रफ्तार में था, जिससे चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह सीधे पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गया।हादसे की सूचना राहगीरों ने डायल 112 पर दी। रात अधिक होने के कारण तत्काल सर्चिंग कार्य सीमित रहा।
गुरुवार सुबह टिकरिया और कोतवाली पुलिस दल मौके पर पहुंचे और नदी में गिरे ट्रक को निकालने की कोशिशें शुरू कीं। हादसे में वाहन में कितने लोग सवार थे, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। समाचार लिखे जाने तक सर्चिंग अभियान जारी था।स्थानीय लोगों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर उचित संकेतक निशान और चेतावनी बोर्ड न होने से यहां दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन ने जांच आरंभ कर दी है।
