
ग्वालियर। आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस ने 27-28 सितंबर की दरमियानी रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस जिलेव्यापी अभियान में शहर से लेकर देहात तक रातभर सघन चेकिंग की गई। पुलिस ने 89 स्थायी और 94 गिरफ्तारी वारंट तामील कराते हुए कुल 183 फरार वारंटियों को दबोचा। 139 गुंडों और 146 हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड अपडेट किए गए तथा उनके ठिकानों पर जाकर सख्त चेतावनी दी गई।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई: धारा 151 जाफौ के तहत 1 मामला दर्ज किया गया।
सघन चेकिंग अभियान
संवेदनशील इलाकों, बैंक, एटीएम, होटल, लॉज, धर्मशालाओं और ढाबों की चेकिंग की गई। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों तथा चेहरा ढककर चलने वाले दोपहिया चालकों की भी जांच की गई।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने स्वयं पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरकर गश्त का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में शांति व सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
