नरसिंहपुर। ठेमी थाना क्षेत्र के ग्राम गुंदरई में एक युवक की करंट लगने से मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, कछार निवासी सत्येंद्र पटेल रिछा गांव से वापस लौट रहा था। इसी दौरान गुंदरई में बिना नंबर प्लेट वाली बोलेरो सवारों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। पेट्रोल पंप के पास बोलेरो चालक ने आगे गाड़ी लगाकर सत्येंद्र को रोकने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि डर के कारण सत्येंद्र खेत की ओर भाग गया। इसी दौरान वह सर्वे नंबर 95/5 स्थित खेत में विद्युत प्रवाहित तारों की चपेट में आ गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ठेमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बोलेरो सवारों की भूमिका समेत घटना के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
