जबलपुर: जबलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन बदलने के दौरान चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक यात्री को भारी पड़ गई। प्लेटफॉर्म नंबर 4/5 पर हुए हादसे में यात्री के दाहिने घुटने में चोट आई। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर घायल यात्री को प्राथमिक उपचार दिलाया और एम्बुलेंस से विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसे कैजुअल्टी में भर्ती कराया गया।
घायल यात्री की पहचान रफीकुल इस्लाम (38), निवासी नया गांव, थाना मेनकचर, जिला धुबरी, असम के रूप में हुई है। वह कल्याण से गुवाहाटी की यात्रा कर रहा था और जबलपुर में ट्रेन बदलने के लिए उतरा था। दूसरी ट्रेन में चढ़ने के प्रयास के दौरान हादसा हुआ। रेलवे सुरक्षा बल के आरक्षक तेज सिंह के साथ उसे अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना जीआरपी जबलपुर को भी दी गई है।
