मुंबई, 16 फरवरी (वार्ता) मफतलाल इंडस्ट्रीज लिमिटेड (एमआईएल) ने मेडिकल टेक्सटाइल्स क्षेत्र में कदम रखते हुए सीधे ग्राहकों तक इसकी बिक्री (डी2सी) के लिए अपने पहले डिजिटल प्लेटफॉर्म की शुरुआत की है। कंपनी ने सोमवार को बताया कि ‘मफतलाल मेडफिट्स’ के नाम से शुरू किये गये इस ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उच्च गुणवत्ता वाले मेडिकल परिधान की व्यापक श्रृंखला उपलब्ध होगी। इसमें स्क्रब्स, लैब कोट, अंडर स्क्रब्स, मेडिकल कैप्स और अन्य संबंधित उत्पाद शामिल हैं। इन उत्पादों को स्वास्थ्यकर्मियों की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। कंपनी का दावा है कि प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध उत्पाद प्रतिस्पर्धी कीमतों पर पेश किये गये हैं, जिनकी रेंज 549 रुपये से 1,999 रुपये तक है।
इस पहल के माध्यम से कंपनी का उद्देश्य देशभर में अपनी पहुंच का विस्तार करना, ब्रांड की उपलब्धता बढ़ाना और तकनीकी टेक्सटाइल्स के क्षेत्र में गुणवत्ता, विश्वसनीयता और नवाचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करना है। मफतलाल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के सीईओ रघुनाथ मन्निल बालाकृष्णन ने कहा ‘मफतलाल मेडफिट्स’ की शुरुआत हेल्थकेयर और टेक्निकल टेक्सटाइल्स पोर्टफोलियो के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह विनिर्माण क्षमता, गुणवत्ता प्रणालियों और प्रक्रिया उत्कृष्टता में कंपनी के निरंतर निवेश को दर्शाता है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कंपनी अपनी ताकत सीधे देशभर के स्वास्थ्य पेशेवरों तक पहुंचा रही है, जहां अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप डिजाइन किये गये मेडिकल स्क्रब्स और आवश्यक उत्पाद उपलब्ध कराये जा रहे हैं, जो आराम, कार्यक्षमता और टिकाऊपन पर केंद्रित हैं।

