जबलपुर: नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत एसटीएफ इकाई जबलपुर ने समाज, विशेषकर युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से शहर में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं, नागरिकों से सीधा संवाद कर उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से समझाया और जीवन में कभी भी नशे को हाथ न लगाने का संकल्प दिलाया।
यह पूरा अभियान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी. श्रीनिवास वर्मा के निर्देशन एवं एसटीएफ जबलपुर के पुलिस अधीक्षक ए. वी. सिंह के सीधे मार्गदर्शन में संचालित किया गया। युवाओं को नशे की गर्त में जाने से रोकने के लिए एसटीएफ की टीम जॉन्सन हायर सेकेंडरी स्कूल, एम.जी.एम. हायर सेकेंडरी स्कूल, क्राइस्ट चर्च स्कूल बॉयज एंड गर्ल्स आईएससी और महर्षि हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंची थी ।
स्कूली बच्चों के साथ-साथ आम जनता तक संदेश पहुँचाने के लिए एसटीएफ ने शहर के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशन, मुख्य बस स्टैंड,ऑटो स्टैंड्स, कमर्शियल मॉल्स, तहसील गोरखपुर, छोटी लाइन फाटक और रामपुर चौक जैसे सार्वजनिक स्थलों पर पहुंची। राहगीरों और दुकानदारों से बात की। लोगों को अभियान की महत्ता बताई और बड़े पैमाने पर पोस्टर व पम्फलेट वितरित किए।
