
खंडवा। मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार बुधवार को खंडवा पहुंचे और सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हाल ही में खंडवा में हुई प्रदेश की सबसे बड़ी बुलडोजर कार्रवाई को तानाशाही करार देते हुए सरकार को बुलडोजर की सरकार बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र की जातीय जनगणना को लेकर सरकार की कथनी और करनी में फर्क है। 2029 के चुनाव से पहले सरकार को स्पष्ट करना होगा कि जातीय जनगणना, महिला आरक्षण और परिसीमन होगा या नहीं।
सिंघार ने आरोप लगाया कि मूंग और धान खरीद में किसानों को सरकार ने धोखा दिया। जल जीवन मिशन में बड़े घोटाले हुए, लेकिन सरकार जांच नहीं कराना चाहती। उन्होंने लाड़ली बहना योजना को लेकर कहा कि 3000 रुपये की बात कर चुनाव तो जीत लिया, लेकिन अब सरकार मौन है। सिंघार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे समस्याओं और विकास पर कोई चर्चा नहीं करते।
