सीतारमण दो दिन की नॉर्वे यात्रा पर ओस्लो पहुंचीं

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय वित्त और कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण का नॉर्वे के ओस्लो हवाई अड्डे पहुंचने पर वहां भारत की राजदूत ग्लोरिया गंगटे ने स्वागत किया । वित्त मंत्रालय द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार श्रीमती सीतारमण ओस्लो में अपने दो दिन के प्रवास में वहां के प्रधानमंत्री जोनास ग़ार स्टोर से मिलेंगी। वह वित्त मंत्री जेन्स स्टोलटेनबर्ग और व्यापार एवं उद्योग मंत्री सेसिली मायर्सेथ के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगी। श्रीमती सीतारमण ओस्लो साइंस पार्क देखने जाएंगी जहाँ वह कुछ स्टार्ट-अप इकाइयों के साथ बातचीत करेंगी। वित्त मंत्री नॉर्वे की कुछ चुनिंदा कंपनियों के मुख्य अधिशासी अधिकारियों तथा निवेशकों के साथ एक गोल मेज बैठक में शामिल होगी और नार्वे में रह रहे भारतीय मूल के लोगों के साथ मिलन के एक कार्यक्रम में भाग लेंगी।

श्रीमती सीतारमण यूरोप की यात्रा के पहले चरण में जर्मनी में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर नार्वे पहुंची हैं। उन्होंने कल जर्मनी के म्यूनिख में प्रसिद्ध बंदरगाह कंपनी एपीएम टर्मिनल के मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) कीथ स्वेंडसेन से मुलाकात की । श्री स्वेंडसेन ने भारत के साथ लंबे समय से चले आ रहे रिश्ते के बारे में बात की। वित्त मंत्री ने उन्हें भारत के समुद्री पोत परिवहन एवं बंदरगाह क्षेत्र में हाल में किये गये सुधारों के बाद निवेश और भागीदारी के अवसरों पर भी चर्चा की । उन्होंने कहा कि भारत इन संबंधों को विस्तार देने में रुचि रखता है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार श्री स्वेंडसेन ने पिछले कुछ वर्षाें में भारत में सुधारों, खास कर नियमों को सरल करने और कारोबार में आसानी करने के लिए की जा रही कोशिशों की तारीफ़ की। उन्होंने श्रीमती सीतारमण द्वारा हाल के बजट में कंटेनर विनिर्माण से जुड़ी खास घोषणाओं का भी ज़िक्र किया। दोनों ने हाल ही में हुए भारत-यूरोपीय संघ ( ईयू) मुक्त व्यापार समझौते के फ़ायदों पर भी बात की, जिससे भारतीय और यूरोपीय बाजार खुल रहे हैं और भविष्य में दोनों तरफ के व्यवसायियों को होने वाले फ़ायदों पर भी बात की।

Next Post

शमी और मुकेश ने जम्मू-कश्मीर को दिये झटके

Mon Feb 16 , 2026
कल्याणी, 16 फरवरी (वार्ता) मोहम्मद शमी (तीन विकेट) और मुकेश कुमार (दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर बंगाल ने सोमवार को रणजी ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में दिन का खेल समाप्त होने के समय जम्मू-कश्मीर के 198 पर पांच विकेट झटक मैच पर अपनी पकड़ बना ली हैं। […]

You May Like