इंदौर: रविवार दोपहर राजबाड़ा चौक पर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टॉप पर खड़ी पीएम बस सेवा की बस अचानक आगे बढ़ गई. कुछ ही सेकंड में बस ऑटो रिक्शा और वहां मौजूद लोगों से टकरा गई. हादसे में चार लोग इसकी चपेट में आए. एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर घायल हैं. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला. इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने बस पर पथराव कर उसके कांच फोड़ दिए.
राजबाड़ा चौक पर फुटपाथ पर खिलौने की दुकान लगाने वाली शकुंतलाबाई ने नवभारत को बताया कि बस ने पहले सड़क पर खड़े ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी. टक्कर लगने से ऑटो चालक नीचे गिर गया और बस की चपेट में आ गया. ऑटो के पास थैली बेचने वाला एक युवक भी खड़ा था, जिसे बस ने बुरी तरह घायल कर दिया. एक अन्य युवक को भी चोट लगी, इस तरह यहां से चार घायलों को अस्पताल भेजा गया है. उनके मुताबिक बस की रफ्तार काफी ज्यादा थी. जबकि ऑटो चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
यह बोले प्रत्यक्षदर्शी…
हादसे के दौरान बस में बैठे गोपाल बैरागी ने बताया कि वह राजबाड़ा से बड़ा गणपति जाने वाली बस में बैठा ही था कि नीचे से अचानक चिल्लाने की आवाज आई. वह बस से उतरता, इससे पहले ही बाहर काफी भीड़ जमा हो गई. चिल्ला-चौट के बीच कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर हुआ क्या है. कुछ देर बाद पुलिस पहुंची और एंबुलेंस बुलाई गई. वहीं लक्ष्मण धुरवाल ने नव भारत को बताया कि वह कलेक्टर कार्यालय से बस में बैठकर मालवा मिल की तरफ जा रहा था. राजबाड़ा स्टॉप पर बस रुकी थी और वह छोटे भाई से फोन पर बात कर रहा था. इसी दौरान बस की सवारियां एक-एक कर नीचे उतरने लगीं. वह भी उतरा तो बाहर अफरा-तफरी मची थी. लक्ष्मण के मुताबिक, बस ने तीन लोगों को कुचल दिया था और उनमें से एक की हालत देखकर ऐसा लग रहा था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा…
कुछ देर बाद ही घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसमें चौराहे पर लोग और पास में ऑटो रिक्शा खड़ा दिखाई देता है. इसी दौरान बस अचानक आगे बढ़ती है और चार लोग उसकी चपेट में आ जाते हैं. दो लोग बस के सामने से टकराकर गिरते दिखाई देते हैं, जबकि दो पिछले पहियों की चपेट में आते नजर आते हैं. इसके बाद लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़ते हैं. हादसे की सूचना पर एमजी रोड पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है. घटनास्थल पर भीड़ द्वारा की गई तोड़फोड़ के बाद बस के कांच टूटे मिले. पुलिस मामले में प्रकरण दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
चालक को हिरासत में लिया, हादसे की जांच की जा रही
मामले में एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि बस स्टैंड पर पीएम सेवा की बस खड़ी थी, जो अचानक अनियंत्रित होकर पूजा सामग्री की दुकानों की ओर चली गई. इसी दौरान लोग उसकी चपेट में आ गए. चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. जांच में चालक या किसी अन्य की गलती सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. वहीं, एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और तीन लोग घायल हैं, पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
