गिरिराज परिक्रमा करने गए युवक की ट्रेन से गिरकर मौत

पचोर। समीपस्थ ग्राम बादलखेड़ी निवासी 39 वर्षीय रामबाबू गुर्जर की धौलपुर के पास चलती ट्रेन से गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. वे गिरिराज जी के भक्त थे और हर माह पूर्णिमा पर मथुरा होकर गोवर्धन की परिक्रमा के लिए जाते थे. हादसे की खबर मिलते ही बादलखेड़ी सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों के अनुसार रामबाबू 24 सितंबर की रात करीब 8 बजे गिरिराज जी की परिक्रमा के लिए मथुरा जाने घर से अपने चार साथियों के साथ निकले थे. सफर के दौरान सुबह 5 बजे राजस्थान के धौलपुर से आगे मनिया रेलवे स्टेशन के समीप वे चलती ट्रेन से अचानक नीचे गिर गए. हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची. आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. शिनाख्त होने पर पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी. देर रात रामबाबू का शव बादलखेड़ी पहुंचा तो गांव में मातम छा गया. परिजनों और ग्रामीणों ने नम आंखों से अंतिम दर्शन किए. शनिवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए.

Next Post

कालीसिंध नदी से मिला लापता युवक का शव

Sun Sep 27 , 2026
सारंगपुर। कालीसिंध नदी में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी मच गई. मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस की मौजूदगी में शव को नदी से बाहर निकाला गया. पूछताछ के बाद मृतक की पहचान जयनगर वार्ड 18 निवासी श्याम लववंशी (40) के रूप में हुई. […]

You May Like