काबुल, (वार्ता) पाकिस्तान के जेलों में बंद अफगानिस्तान के 21 कैदियों को रिहा कर दिया गया है और उन्हें स्वदेश भेज दिया है। यह जानकारी शरणार्थी एवं प्रत्यावर्तन मंत्रालय ने सोमवार को दी।
मंत्रालय के बयान के अनुसार, 21 कैदी पाकिस्तान की जेलों में दो से 25 महीने तक कैद रहे और रिहा होने के बाद सभी कैदी रविवार को अफगानिस्तान लौट आए।
पिछले चार महीनों से इराक में हिरासत में लिए गए दो अफगान नागरिकों को भी शुक्रवार को रिहा किया गया और वे भी स्वदेश लौट आए।
गौरतलब है कि सितंबर 2024 में अफगानिस्तान के जेल प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में आठ से नौ हजार अफ़गानिस्तानी नागरिक विदेशी जेलों में बंद हैं। उनमें से ज़्यादातर ईरान और पाकिस्तान में बंद हैं।
