वैश्विक कारकों से तय होगी शेयर बाजार की दिशा

मुंबई, 27 सितंबर (वार्ता) बीते सप्ताह रही गिरावट के बाद आने वाले सप्ताह में घरेलू शेयर बाजारों की दिशा कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव तथा अन्य वैश्विक कारकों से तय होगी।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन दिनों कच्चे तेल में काफी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। शुद्ध रूप से तेल आयातक देश होने के कारण भारतीय शेयर बाजारों पर इसका सीधा असर होता है। घरेलू स्तर पर आने वाले सप्ताह में औद्योगिक उत्पादन, विनिर्माण पीएमआई और वाहनों की बिक्री के आंकड़े आने हैं। बाजार में निवेश धारणा तय करने में इनकी भी अहम भूमिका होगी।

गत सप्ताह शेयर बाजारों में मंगलवार और गुरुवार को गिरावट रही जबकि अन्य तीन दिन बाजार में तेजी रही। बीएसई का सेंसेक्स 399.22 अंक (0.54 प्रतिशत) की साप्ताहिक गिरावट में शुक्रवार को 73,895.74 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 205.90 अंक यानी 0.88 प्रतिशत लुढ़ककर सप्ताहांत पर 23,140.50 अंक पर रहा। वृहत बाजार में भी बिकवाली देखी गई। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.29 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.80 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट में रहा।

सप्ताह के दौरान सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 16 के शेयर लाल निशान में और अन्य 14 के हरे निशान में रहे। इंफोसिस का शेयर 4.69 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व का 4.37, भारती एयरटेल का 4.24 और ट्रेंट का 4.03 प्रतिशत लुढ़क गया। बजाज फाइनेंस को 3.12 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक को 2.28, एक्सिस बैंक को 1.68 और अडानी पोर्ट्स को 0.94 प्रतिशत का नुकसान हुआ। टीसीएस में 0.81 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 0.79, भारतीय स्टेट बैंक में 0.74, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.71, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.64, मारुति सुजुकी में 0.61, पावरग्रिड में 0.28 और बीईएल में 0.17 प्रतिशत की गिरावट रही।

अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 4.03 फीसदी, आईटीसी का 2.59, टाइटन का 2.58 और इटरनल का 2.53 फीसदी की साप्ताहिक बढ़त में रहा। एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.73 फीसदी, एशियन पेंट्स में 1.66, टाटा स्टील में 1.60, टेक महिंद्रा में 1.06, सन फार्मा में 0.98 और एचडीएफसी बैंक में 0.92 प्रतिशत की तेजी रही। इंडिगो का शेयर 0.73 प्रतिशत , एनटीपीसी का 0.68, एलएंडटी का 0.49 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 0.26 प्रतिशत मजबूत हुआ।

 

Next Post

मोबाइल लूटा, खाते से उड़ाई रकम

Sun Sep 27 , 2026
जबलपुर। सिविल लाईन थाना अंतर्गत इलाहाबाद चौक के पास लुटेरे ने झपट्टा मारकर पहले एक छात्र का मोबाइल लूटा और फिर ऑनलाइन सेंध लगाते हुए उसके खाते से हजारों रूपए निकाल लिए। पुलिस के मुताबिक रविवार को कपिल शर्मा 18 वर्ष निवासी छिवला टोला घुघरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि […]

You May Like