
सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल के सूर्या भवन के बंद कमरे में भाजपा प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीएचई मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उईके विशेष रूप से मौजूद थीं। बैठक में अधिकारियों- कर्मचारियों के तबादले को लेकर चर्चा हुई। जहां सांसद व विधायकों का पारा काफी गरम था। इस दौरान आपस में जमकर कहा-सुनी भी हुई है। जिले के प्रभारी मंत्री की कार्यप्रणाली से भी सांसद के साथ-साथ अधिकांश विधायक खफा हैं। करीब चार महीने से अधिकांश विधायक किसी न किसी जगह प्रभारी मंत्री पर अपरोक्ष्य रूप से निशाना साधते रहे हैं। लेकिन पिछले एक पखवाड़े से सांसद एवं कुछ विधायकों के प्रभारी मंत्री के प्रति नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है। हालांकि मंच पर खुलकर विरोध नही कर रहे थे। परंतु आपस में कार्यकर्ताओं के बीच जरूर कुछ न कुछ बोलते हुये असहजता महसूस कर रहे थे। इधर दो दिवसीय दौरे पर जिले के प्रभारी मंत्री संपतिया उईके का सिंगरौली में बीते दिन कल रविवार को आगमन हुआ। जहां जिला प्रबंध समिति के बैठक में सांसद व विधायको की नाराजगी सामने आई है। सूत्र बताते हैं कि बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले पर चर्चा हुई। तभी विधायक भड़क गये और कहने लगे कि इस तरह की मनमानी नही चलेगी। अभी तक जो हुआ, वह ठीक नही है। आगे के लिए ऐसी गलती न दोहराई जाये। बैठक में सांसद एवं विधायको के कड़े तेवर को देख प्रभारी मंत्री को भी पसीने छुटने लगे। साथ ही बैठक में कोई ठोस नतीजा भी नही निकला। कुछ बातों पर सहमति जरूर बनी है। फिलहाल भाजपा जिला प्रबंध समिति के बैठक में पूर्व में जिले के पुलिस महकमे में किये गये तबादले को लेकर प्रभारी मंत्री एवं पुलिस अधीक्षक के प्रति सांसद व अधिकांश विधायको की नाराजगी सामने आने पर बीजेपी में ही तरह-तरह की चर्चाएं चलने लगी है। साथ ही यह भी बात सामने आ रही है कि प्रभारी मंत्री मनमानी नही करेंगी और सांसद के साथ-साथ विधायको को भी विश्वास में लेकर कार्य करेंगी। प्रबंध समिति की बैठक में मुख्य रूप से पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश द्विवेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता, जिला महामंत्री राजकुमार दुबे एवं जिला महामंत्री लालपति साकेत मौजूद रहे।
