शिवपुरी: जिले के सतनबाड़ा थाना क्षेत्र में बीती रात एक दुखद घटना सामने आई। भरका सिद्ध स्थल के झरने से दोस्तों के साथ पिकनिक मनाकर लौट रहा 22 साल का फरदीन खान डोंगर गांव के पास पुलिया पर तेज बहाव में बह गया।फरदीन खान कमलागंज घोसीपुरा, शिवपुरी का रहने वाला है। वह अपने कुछ दोस्तों के साथ बाइक से भरका स्थित झरने पर पिकनिक मनाने गया था।
रात में सभी दोस्त वहां से वापस लौट रहे थे। जब वे डोंगर रोड स्थित पुलिया पर पहुंचे तो देखा कि पुलिया के ऊपर से पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। तेज बहाव के बावजूद फरदीन ने अपनी बाइक पुलिया पर उतारने का प्रयास किया लेकिन पानी की गहराई और रफ्तार का सही अंदाजा न लगा पाने के कारण वह बाइक सहित बह गया।
दोस्तों ने फरदीन को बहते हुए देखा तो तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही सतनबाड़ा थाना पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। फरदीन की तलाश शुरू की गई, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
