
सारनी। श्रीश्री 1008 बाबा मठारदेव के मेले का आज सोमवार 12 जनवरी को विधिवत शुभारंभ हो गया। आमला-सारनी विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भाजपा के जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार, नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, उपाध्यक्ष जगदीश पवार ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हवन-पूजन, ध्वजारोहण एवं फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया।मेला परिसर में में सुबह 10 बजे से पूजन का कार्यक्रम प्रारंभ हो गया। अतिथियों ने मंच के समक्ष पूजन किया.हवन-पूजन एवं आरती के पश्चात बाबा मठारदेव के ध्वज का पूजन किया। इसके पश्चात बाबा मठादेर तलहटी मंदिर की प्रथम सीढ़ी पर पूजन कर फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया। विधायक डॉ. पंडाग्रे व अतिथियों ने मठारदेव बाबा का पूजन किया। इस अवसर पर एसडीएम प्रपंज आर (आई.ए.एस.), एसडीओपी प्रियंका करचाम, तहसीदार संध्या रावत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी. के. मेश्राम, पार्षदगण छाया अतुलकर, भीम बहादुर थापा, दशरथसिंह जाट, मीना सिंह, ज्योति नागले, चंद्रा सोनेकर, संगीता धोटे, प्रवीण सोनी, भावना माकोड़े, हरिता पाल, योगेश बर्डे, गणेश महस्की, अजाबराव धोटे, कविता पटैया, बेबी बिंझाड़े, कमलेश सिंह, सुधा चंद्रा, गोलू राजपूत, दीपक सिनोटिया,रूपेंद्र चौहान, पं. संतोष शर्मा विक्रमपुर सरपंच यशोदा मर्सकोले, बाकुड़ सरपंच भैयालाल बैठे समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
क्षेत्र के विकास में नहीं होगी कमी
आमला सारनी विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने कहा कि बाबा मठारदेव की बड़ी महिमा है। उन्हीं की कृपा से हम सारनी का विकास कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सारनी के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। विधायक ने कहा कि प्लांट का कार्य जल्द शुरू होगा। साथ ही कोयला खदान भी अब प्रारंभ होने की स्थिति में है। सीमेंट फैक्ट्री व अन्य औद्योगिक इकाइयां भी जल्द प्रारंभ करेंगे। नगर पालिका के साथ मिलकर शहर का सर्वांगीण विकास किया जाएगा। इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
10 दिनों तक चलेगा मेला, चाका चौबंद व्यवस्था
बाबा मठारदेव का मेला आगामी 10 दिनों तक यानी 22 जनवरी तक चलेगा। नगर पालिका परिषद सारनी ने इसके लिए चाक चौबंद व्यवस्था की है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं मेला अधिकारी सी.के. मेश्राम ने बताया कि मेले में पानी, लाइटिंग, टेंट समेत श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है। पुलिस प्रशासन की मदद से सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। प्राइवेट गार्ड, सीसीटीवी कैमरे मेले में लगा दिए गए हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी ना हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
