नयी दिल्ली 18 दिसम्बर (वार्ता) भारत और नीदरलैंड ने रक्षा क्षेत्र में साझेदारी और रक्षा प्रौद्येगिकी तथा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग बढाने के लिए गुरुवार को यहां आशय पत्रों का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नीदरलैंड के विदेश मंत्री डेविड वैन वील मौजूद थे। श्री सिंह ने यहां श्री वैन के साथ वार्ता की और दोनों देशों के बीच मजबूत तथा बढ़ती रक्षा साझेदारी की पुष्टि की। दोनों मंत्रियों ने रक्षा उपकरणों के सह-विकास और सह-उत्पादन के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्रों सहित कई द्विपक्षीय सुरक्षा और रक्षा मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने रणनीतिक साझेदारी के एक प्रमुख स्तंभ के रूप में रक्षा सहयोग विकसित करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए सैन्य-से-सैन्य सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। बातचीत के दौरान भारत और नीदरलैंड ने स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम-आधारित हिन्द प्रशांत क्षेत्र के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। मंत्रियों ने घनिष्ठ रक्षा साझेदारी और दोनों देशों के रक्षा उद्योगों को खासकर विशिष्ट प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। दोनों मंत्रियों की उपस्थिति में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और भारत में नीदरलैंड की राजदूत सुश्री मारिसा गेरार्ड्स ने रक्षा सहयोग पर आशय पत्र का आदान-प्रदान किया ।
दोनों देशों ने प्रौद्योगिकी सहयोग, प्लेटफॉर्म और उपकरणों के सह-उत्पादन तथा सह-विकास के लिए एक रक्षा औद्योगिक रोडमैप विकसित करके आपसी लाभ के लिए पहचाने गए क्षेत्रों में रक्षा सहयोग की संभावनाओं का पता लगाने का इरादा व्यक्त किया। श्री सिंह ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच परस्पर संबंध बहुत मजबूत हैं जिसमें नीदरलैंड में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी एक सेतु के रूप में काम कर रहे हैं और दोस्ती के बंधन को मजबूत कर रहे हैं।
