
हटा/ दमोह.जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के टपरिया गांव में मंगलवार दोपहर जमीनी विवाद के चलते एक युवक की गांव के ही कुछ लोगों ने लाठियों से पीट कर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, युवक के शव को बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. सूचना मिलते ही बटियागढ़ पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की.
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले एक विवाद हुआ था और इसके पहले दोनों ही पक्षों के बीच पुराना जमीनी विवाद चल रहा है. जानकारी के अनुसार देव सिंह पिता दरयाव सिंह लोधी 28 निवासी टपरिया के भाई ने बताया कि दोपहर में जब उनका भाई खेत पर था.तभी दयाल पिता सिम्मु और उसके भाई रमेश ने आकर देव सिंह पर लाठियों से हमला कर घायल कर दिया.हम लोग भाई के चिल्लाने की आवाज सुनकर पास आए तो आरोपी भाग निकले.घायल को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया.एसडीओपी रघु केसरी ने बताया आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया, शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मंगलवार शाम पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों ने बटियागढ़ के समीप शव रख कर प्रदर्शन कर दिया,जहां समझाइस और आश्वासन के बाद चक्का जाम खोला गया. सूत्रों के हवाले से पता चला है की दो व्यक्तियों को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है,जिनसे पूछताछ की जा रही है.
