ग्नेटर नोएडा / नयी दिल्ली, 27 दिसबर (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तर प्रदेश में अवसंरचना सुविधाओं के तीव्र विस्तार , प्रौद्योगिकी कौशल विकास तथा अन्य क्षेत्रों में दिख रही तेज प्रगति और भारत के लिए मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से मिल रहे अवसरों का उल्लेख करते हुए उत्तर प्रदेश से 2030 तक निर्यात कारोबार को ढाई गुना बढ़ा कर 5 लाख करोड़ रुपये वार्षिक तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है।
श्री गोयल ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के समीप ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की ओर से विभिन्न देशों और साझा बाजारों के साथ किये जा रहे मुक्त व्यापार समझौतों से निर्यात, निवेश और वैश्विक बाजारों तक पहुंच के विस्तार से उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन (एक हजार अरब) डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में योगदान मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कि उत्तर प्रदेश का वर्तमान वार्षिक निर्यात लगभग 2 लाख करोड़ रुपये है और राज्य ने इसे वर्ष 2030 तक बढ़ाकर 5 लाख करोड़ रुपये करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वाणिज्य मंत्री ने कहा कि एफटीए के माध्यम से जैसे-जैसे वैश्विक बाजार भारत के लिए खुल रहे हैं, वैसे-वैसे उत्तर प्रदेश के उद्यमियों के लिए भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच के अवसर बढ़ेंगे।
श्री गोयल ने कहा कि दुनियाभर से भारत में नए निवेश आने की उम्मीद है और अनुकूल नीतियों तथा सक्रिय औद्योगिक योजनाओं से उत्तर प्रदेश निवेश की एक पसंदीदा जगह के रूप में उभरा है। प्रमुख कंपनियां और वैश्विक निवेशक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आ रहे हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
आधुनिक प्रौद्योगिकी, अंतरराष्ट्रीय उद्यमों तथा उत्तर प्रदेश के युवाओं के विकसित हो रहे शिल्प कौशल और तकनीकी कौशल की राज्य के विकास को गति देने में राज्य सरकार की मजबूत सक्रिय भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस स्तर के अंतरराष्ट्रीय आयोजन वैश्विक बाजारों तक प्रत्यक्ष पहुंच के अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उत्तर प्रदेश के विविध उत्पादों, व्यंजनों और सेवाओं को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने में मदद मिलती है।
श्री गोयल ने उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार महोत्सव में बड़ी अंतरराष्ट्रीय भागीदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि इसमें छह साझेदार देश, सैकड़ों प्रतिनिधि और प्रदर्शक शामिल हैं तथा बड़ी संख्या में खरीदार-विक्रेता बैठकें हो रही हैं। केन्द्रीय मंत्री ने प्रदेश में एक्सप्रेसवे, आधुनिक हवाई अड्डों और औद्योगिक पार्कों के विकास पर प्रकाश डाला तथा रक्षा, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य आधुनिक उच्च-प्रौद्योगिकी क्षेत्रों सहित विभिन्न क्षेत्रों में राज्य की बढ़ती उपस्थिति का उल्लेख किया।
उन्होंने ग्रेटर नोएडा में एक बड़े रोबोटिक्स विनिर्माण संयंत्र के विस्तार के बारे में बताया, जो आधुनिक औद्योगिक विकास और तकनीकी प्रगति का एक बेहतरीन उदाहरण है।
वाणिज्य मंत्री ने प्रदेश् की विकास यात्रा को तेजी से आगे बढ़ाने में राज्य के व्यापार एवं औद्योगिक समुदाय की सक्रिय भागीदारी और सहयोग का आह्वान किया।
