सिंगरौली/देवसर: खड़ौरा से पुरवा जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार बना हुआ है। गढ़ सोमवार की शाम हुई बे मौसम बारिश से सड़क पर अत्यधिक कीचड़ जमा होने से बाइक सवारों सहित आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि सड़क पर केवल बड़ी गाड़ियों के टायर की दो संकरी लकीरें ही बची हैं, जिनसे होकर किसी तरह वाहन निकल पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि वाहन इन लकीरों से जरा भी फिसल जाए, तो सड़क में फंसने का खतरा बना रहता है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा हो गया है।ग्रामीणों का कहना है कि हल्की बारिश में ही सड़क की यह स्थिति विकास कार्यों की पोल खोल रही है। वहीं, रोजमर्रा की आवाजाही भी बुरी तरह प्रभावित हो गई है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में खास दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दुर्घटना का बढ़ा खतरा
सड़क की खराब स्थिति के चलते किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। फिसलन और कीचड़ के कारण वाहन चालक संतुलन खो सकते हैं।
ग्रामीणों की मांग:–
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचाव हो सके।
