पाटनीपुरा मेन रोड पर अचानक भरभराकर गिरा होर्डिंग-स्वागत गेट

इंदौर:पाटनीपुरा मेन रोड पर बुधवार दोपहर गणेश उत्सव के लिए लगाया गया बड़ा गेट और होर्डिंग अचानक सड़क पर आ गिरा. गेट गिरते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इसकी चपेट में आए लोगों में एक युवक घायल हो गया, जबकि अन्य लोगों को गंभीर चोट नहीं आई. आसपास के लोगों ने तत्काल सड़क से होर्डिंग हटाया.
नंदानगर स्थित गोल स्कूल में होने वाले गणेश चतुर्थी आयोजन के लिए मेन रोड पर यह अस्थायी स्वागत द्वार और होर्डिंग लगाया गया था.

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इसे पर्याप्त मजबूती के साथ नहीं लगाया था, इसी वजह से दोपहर में वह अचानक सड़क की तरफ झुककर गिर गया. दुकानदारों ने आशंका जताई कि किसी वाहन की टक्कर से भी गेट असंतुलित हुआ हो सकता है. हादसे में रोड नंबर 28 पर रहने वाले श्रेय शर्मा को सिर और कंधे के पीछे चोट आई. वह चौराहे से सामान लेकर घर लौट रहा था, तभी गेट की चपेट में आ गया. परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सीटी स्कैन कराया. ज्ञात हो कि यह गणेश उत्सव आयोजन दो नंबर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रमेश मेंदोला द्वारा कराया जा रहा है. हादसे के बाद लोगों ने गेट-होर्डिंग हटाया, लेकिन घटना को लेकर एमआईजी थाने में फिलहाल किसी शिकायत या सूचना पहुंचने की जानकारी नहीं है.

Next Post

पालदा के गोदाम में 11,800 लीटर पेट्रोलियम पदार्थ मिला, गोदाम सील

Thu Sep 24 , 2026
इंदौर:पालदा के उद्योग नगर में बुधवार को प्रशासन की टीम ने एक गोदाम पर कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में पेट्रोलियम गंधयुक्त तरल पदार्थ बरामद किया. गोदाम में 46 लोहे के ड्रमों में करीब 11,800 लीटर इंडस्टि्रयल सॉल्वेंट और 19 ड्रमों में करीब 3,800 लीटर लुब्रीकेंट ऑयल मिला। कार्रवाई के बाद […]

You May Like