
जबलपुर। गढ़ा थाना अंतर्गत शारदा चौक में नकाबपोश चोरों ने एक कंपनी के निर्माणाधीन कार्यालय में धावा बोला और कॉपर पाईप चुराने का प्रयास करने लगे जब गार्ड ने विरोध करते हुए वीडियो बनाया तो एक बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपित फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक रविवार को आदित्य दोईया 20 वर्ष निवासी ग्राम कंजई थाना गोटेगांव जिला नरसिंहपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह स्टालवर्ट सिक्योरिटी कम्पनी जबलपुर में गार्ड की नौकरी करता है कम्पनी का निर्माणाधीन कार्यालय शारदा चौक गढ़ा में है। सुबह लगभग 8 बजे वह अपनी डयूटी पर गया था सुबह लगभग 8-30 बजे 3 अज्ञात लडक़े उम्र लगभग 20-25 वर्ष, मुंह बांधकर पैदल उसके कार्यालय के पास आये। कार्यालय के बाहर एसी के 4 आउटडोर जिसमें कॉपर के पाईप लगे थे निकालकर चोरी करने का प्रयास करने लगे, उसने आवाज लगाकर रोका। अपने मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया तभी उनमें से एक लडक़े ने चाकू से हमला कर चोट पहुंचा दी और सभी भाग गए। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
