
देवास। शहर में विसर्जन ड्यूटी और रात्रि गश्त के दौरान पुलिस की नजर सार्वजनिक स्थान पर चल रहे ऐसे विवाद पर पड़ी, जिससे माहौल बिगड़ने की आशंका थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन समझाइश के बावजूद जब हुड़दंग जारी रहा तो चार व्यक्तियों को हिरासत में लेना पड़ा।
थाना कोतवाली पुलिस को रात्रि गश्त एवं विसर्जन ड्यूटी के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने संबंधित लोगों को समझाइश देकर शांत रहने और विवाद समाप्त करने के लिए कहा। इसके बावजूद वे आपसी विवाद और गाली-गलौज करते रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोक शांति भंग होने की आशंका के चलते चारों व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थान पर बिगड़ रहे माहौल को तत्काल नियंत्रित कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, विवाद अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रात्रि गश्त एवं प्रमुख आयोजनों के दौरान पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी।
