मुलताई। जिलापुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के नेतृत्व में जिले भर में सेफ2.0 अभियान चलाया जा रहा हैं। जिसके चलते शुक्रवार को बस स्टैंड मुलताई में साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एएसआई विजय जोठे एवं थाना मुलताई स्टाफ द्वारा यात्रियों, वाहन चालकों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों के नए तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस/सीबीआई अधिकारी बनकर कॉल, फर्जी कस्टमर केयर, ऑनलाइन लोन, क्यूआर कोड फ्रॉड, व्हाट्सएप हैक, स्क्रीन शेयरिंग एप एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, यूपीआई पिन, बैंक संबंधी जानकारी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा किसी के कहने पर एनीडेस्क या अन्य स्क्रीन शेयरिंग एप डाउनलोड न करें।
इस अवसर पर आमजन को सायबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता पम्पलेटों का वितरण भी किया गया तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने एवं निकटतम पुलिस थाने को सूचना देने की सलाह दी गई।
थाना मुलताई पुलिस द्वारा नागरिकों से स्वयं जागरूक रहने एवं दूसरों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
