सीहोर। एक ही जमीन का कई लोगों को विक्रयनामा लेखकर करीब डेढ़ करोड रुपए की धोखाधडी करने आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि आरोपी की पत्नी अभी भी फरार है. इस मामले में उसके अन्य सहयोगी भी हैं जो जमीन विक्रय करने के लिए ग्राहक लाते थे.
शिकायतों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 5 प्रकरण दर्ज किए हैं. अब तक कोतवाली पुलिस के पास आरोपियों के खिलाफ 11 लोगों ने लिखित शिकायत की है. कोतवाली पुलिस ने पांच आवेदकों की शिकायत पर दीनदायल शर्मा पिता देवीलाल शर्मा निवासी नोनीखेड़ी गोसाई एवं उसकी पत्नी वैशाली शर्मा के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं. वहीं दीनदयाल को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य शिकायतों की जांच की जा रही है.
एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने बताया कि गांव नोनीखेडी निवासी दीनदयाल शर्मा और उसकी पत्नी वैशाली शर्मा ने नोनीखेडी स्थित कृषि भूमि खसरा क्रमांक 537/04(एस) रकबा 1.962 हेक्टेयर को अन्य सहयोगियो के साथ मिलकर जमीन विक्रय करने के नाम पर करीब 11 लोगों से विक्रयनामा तैयार किया गया एवं उनसे बिक्रीनामा लेख करते समय अलग-अलग राशि कुल मिलाकर 1 करोड़ 50 लाख रुपए लेकर खर्च कर दिए. लेकिन इन्होंने रजिस्ट्री किसी को भी नहीं करवाई. इस संबंध में कुछ लोगों ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी. धोखाधड़ी में फंसे सलैया भोपाल के दीपक मिश्रा, त्रिलंगा भोपाल के गुलाब सिंह राठौड़ रक्षा विहार के जितेंद्र सिंह, खोलोखड़ी भोपाल के दिनेश कुमार सिंह और दानिश कुंज भोपाल निवासी आरएन साहू की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों दीनदयाल शर्मा और उसकी पत्नी वैशाली शर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। वहीं दीनदयाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया.
आरोपी के साथी खरीददार बनकर लगाते थे ऊंचे भाव
शिकायत के आधार पर जब पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि जैसे ही कोई ग्राहक जमीन खरीदने के लिए आता था तो आरोपी के मिलने वाले नकली खरीददार बनकर उस जमीन के ऊंचे भाव लगाते थे. जिससे खरीददार उनके झांसे में आ जाता था और ज्यादा कीमत पर जमीन खरीदने का एग्रीमेंट करते हुए बयाना रशि दे देते थे. इस तरह उसने कई लोगों को लाखों का चूना लगाते हुए डेढ़ करोड़ रुपए हड़प लिए.
