ग्वालियर:गिरवाई थाना क्षेत्र के बघेल मोहल्ले में ओम प्रकाश बघेल की पुत्री मोनिका स्कूल से पढ़ाई खत्म करके दोपहर में घर पहुंची थी। लगातार परेशान किए जाने के कारण वह काफी डिप्रेशन में थी। घर आते ही वह सीधे अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद मां उसे बुलाने पहुंची, तो उन्होंने बेटी को फंदे पर लटका पाया। परिजन फंदा काटकर उसे अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक युवती की मौत हो चुकी थी।
परिजनों का आरोप है कि निखिल बघेल नाम का एक युवक युवती को आते-जाते छेड़ता और सोशल मीडिया पर कमेंट्स करता था। लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण पीड़िता ने अपने माता-पिता को शिकायत की थी। पीड़िता के पिता ने बताया कि निखिल बघेल पिछले एक साल से युवती को परेशान कर रहा था।
एक महीने पहले ही परिवार को पूरा घटनाक्रम पता चला था। पिता का कहना है कि निखिल बघेल के पास पीड़िता की कुछ तस्वीरें भी थीं, जिन्हें वह वायरल करने की धमकी दे रहा था।गिरवाई थाना प्रभारी सुरेंद्रनाथ सिंह यादव ने बताया कि युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने आरोपी पर मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है।
