कीव, 5 अक्टूबर (वार्ता) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि उत्तर-पूर्वी यूक्रेन में एक रेलवे स्टेशन पर रूसी ड्रोन हमले में कम से कम 30 लोग घायल हो गए हैं।
बीबीसी के हवाले से श्री जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा है कि प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि सुमी क्षेत्र के शोस्तका शहर में हमले वाली जगह पर ट्रेन कर्मचारी और यात्री मौजूद थे। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर हैं और लोगों की मदद शुरू कर दी गयी है। घायलों के बारे में जानकारी अभी जुटाई जा रही है। उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया जिसमें एक क्षतिग्रस्त ट्रेन के डिब्बे में आग लगी दिखाई दे रही है।
श्री जेलेंस्की ने लिखा, “रूसी लोग इस बात की अनजान नहीं थे कि वे नागरिकों को निशाना बना रहे हैं! यह आतंकवाद है जिसे दुनिया नजरंदाज नहीं कर सकती।” क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह ह्रीहोरोव और यूक्रेनी रेलवे निकाय के अनुसार दो हमले हुए जिनमें दो यात्री ट्रेनें प्रभावित हुईं। श्री ह्रीहोरोव ने बताया कि घायलों में 8, 11 और 14 साल के तीन बच्चे शामिल हैं। रेलवे निकाय के एक बयान में कहा गया है कि दूसरा हमला ऐसे समय में हुआ जब इलाके से लोगों को निकालने का काम पहले ही चल रहा था। बयान में आगे कहा गया है कि यह एक ‘घृणित’ हमला था जिसका उद्देश्य ‘अग्रिम पंक्ति के समुदायों के साथ हमारे सम्पर्क को तोड़ देना था।’
गौरतलब है कि शोस्तका उत्तर-पूर्वी यूक्रेन में स्थित है, जो रूसी सीमा से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित है। यूक्रेनी रेलवे प्रमुख ओलेक्सांद्र पर्त्सोव्स्की ने पत्रकारों को बताया कि इस हमले का ‘कोई सैन्य उद्देश्य’ नहीं था बल्कि इसका उद्देश्य ‘लोगों में दहशत फैलाना’ था। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे के बुनियादी ढांचे पर रूसी हमले तेज हो गए हैं।
श्री जेलेंस्की ने अपने पोस्ट में पश्चिम से ‘कार्रवाई’ का भी आह्वान किया और कहा, “हमने यूरोप और अमेरिका से बयान सुने हैं और अब समय आ गया है कि इन सभी को हकीकत में बदला जाए।”
