
सिंगरौली: मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत जयंत–मोरवा मार्ग स्थित एनसीएल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोरवा से बैढ़न जा रही एक यात्री बस और बैढ़न से मोरवा आ रहे मोटरसाइकिल सवार युवक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक युवक मोटरसाइकिल क्रमांक MP 66 ZD 5013 से बैढ़न की ओर से मोरवा आ रहा था, जबकि बस क्रमांक MP 66 PA 1118 मोरवा से बैढ़न जा रही थी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं बस का अगला हिस्सा भी दब गया। घटना की सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, जयंत भिजवाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को पिकअप वाहन में लोड कर मोरवा थाना पहुंचाया, वहीं बस को सड़क किनारे खड़ा कर यातायात को सुचारू कराया गया।पुलिस ने मृतक के शव को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय जयंत की मर्चुरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। मृतक की पहचान कनक गुप्ता, उम्र 26 वर्ष निवासी जवाहर नगर, मोरवा के रूप में हुई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
