झाबुआ वार्ड-6 उपचुनाव: चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला, 29 सितंबर को मतदान

झाबुआ। जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक-6 के उपचुनाव के लिए 29 सितंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अक्टूबर को की जाएगी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य शैलेंद्र सोलंकी के निधन के बाद यह सीट रिक्त हुई थी। उपचुनाव में कुल 60,942 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 30,197 पुरुष, 30,740 महिला और अन्य मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए प्रशासन ने 102 मतदान केंद्र बनाए हैं।

वार्ड-6 के उपचुनाव में चार प्रमुख उम्मीदवार मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी ने दिवंगत जिला पंचायत सदस्य शैलेंद्र सोलंकी के पुत्र धर्मेश सोलंकी को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा की ओर से दिवंगत नेता के प्रति सहानुभूति और केंद्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को प्रमुख मुद्दा बनाया जा रहा है।

वहीं, कांग्रेस ने दिनेश वसुनिया को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में पार्टी क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था, जर्जर स्कूल भवनों और स्थानीय समस्याओं को लेकर भाजपा पर सवाल उठा रही है।

इसके अलावा आम आदमी पार्टी के कमलेश सिंगाड और भारत आदिवासी पार्टी के रामू हटीला भी चुनाव मैदान में हैं। चार प्रत्याशियों के मैदान में होने से आदिवासी बहुल क्षेत्र में चुनावी समीकरण दिलचस्प हो गए हैं।

उपचुनाव से पहले भाजपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निष्कासित किए गए गोविंद अजनार, सुनीता अजनार, कलमसिंह भाबर और भवरसिंह बिलवाल का निष्कासन रद्द कर दिया। इसके बाद इन नेताओं की भाजपा में वापसी हुई है। चुनाव में स्थानीय मुद्दों के साथ-साथ राजनीतिक दलों की सक्रियता भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Next Post

ड्यूटी के दौरान सीमेंट फैक्ट्री में कर्मचारी की मौत परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप मुआवजे की मांग

Sun Sep 27 , 2026
रीवा, रीवा के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत नौबस्ता स्थित सीमेंट प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों की ड्यूटी के दौरान हुई मौत के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे हैं जहां परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन से आजीवन पेंशन और 30 लाख रुपए मुआवजे की मांग कर रहे थे समझाइश के बाद मान […]

You May Like