
श्रीनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपनी विचारधारा और कार्यों को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कश्मीर से कन्याकुमारी तक ध्वज यात्रा की शुरुआत की। यात्रा का प्रतीकात्मक शुभारंभ श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक से किया गया, जहां से प्रतिभागी टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर पहुंचे और वहां से देश के विभिन्न हिस्सों की ओर रवाना हुए।
यात्रा में शामिल स्वयंसेवक वीर कपूर ने बताया कि इस पहल का मकसद लोगों के बीच यह संदेश पहुंचाना है कि आरएसएस किसी वर्ग विशेष के विरोध में नहीं है, बल्कि संगठन के इतिहास और कार्यों को सही रूप में समाज के सामने रखना चाहता है। उनका कहना है कि अब तक संगठन को लेकर लोगों के मन में जो गलत धारणाएं बनी हैं, उन्हें संवाद और संपर्क के माध्यम से दूर किया जाएगा।
इस अभियान के साथ आरएसएस के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में संगठन की यात्रा और गतिविधियों पर आधारित शतक नामक एक फिल्म भी तैयार की गई है, जिसके जरिए संघ के कार्यों और इतिहास को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने की योजना है।
