‘मेरा इरादा किसी को आहत करने का नहीं था’: विवाद पर बोले हनी सिंह

नयी दिल्ली, 16 जनवरी (वार्ता) रैपर यो यो हनी सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। दिल्ली में हुए उनके एक शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगा है, जिसके चलते उन्हें ऑनलाइन तीखी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
वायरल क्लिप में हनी सिंह के बयान को अश्लील बताया गया है, जिस पर कई यूजर्स ने नाराज़गी जताई है। इसके कुछ ही घंटों बाद हनी सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक माफ़ी वाला वीडियो साझा कर अपना पक्ष रखा। हनी सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो को संदर्भ से काटकर एडिट किया गया है, हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उससे कई लोगों को असहजता हुई। उन्होंने कहा, ” सुबह से इंस्टाग्राम पर मेरा एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे इस तरह एडिट किया गया कि कई लोग आहत हो गए। मैं पूरी बात स्पष्ट करना चाहता हूं।”

अपनी सफ़ाई में उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था। हनी सिंह के अनुसार, कार्यक्रम से पहले उनकी मुलाकात कुछ प्रमुख स्त्री रोग विशेषज्ञों और सेक्सोलॉजिस्ट्स से हुई थी, जिन्होंने युवाओं में असुरक्षित यौन संबंधों के कारण बढ़ती यौन संचारित बीमारियों (एसटीडी) को लेकर चिंता जताई थी। यह बातचीत उनके मन में रह गई। उन्होंने बताया कि ननकू और करुण के शो में बतौर अतिथि मौजूद रहते हुए, बड़ी संख्या में जेन ज़ी दर्शकों को देखकर उन्होंने सुरक्षित संबंधों का संदेश उसी भाषा में देने की कोशिश की, जैसी भाषा ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर प्रचलित है। हालांकि, उन्होंने माना कि अभिव्यक्ति का तरीका अनुचित था। हनी सिंह ने कहा, “मुझे गहरा अफ़सोस है कि जिस तरीके से मैंने यह बात रखी, वह कई लोगों को स्वीकार्य नहीं लगी। जिन भी लोगों को ठेस पहुंची या अपमान महसूस हुआ, उनसे मैं दिल से माफ़ी मांगता हूं।” उन्होंने आगे आश्वासन दिया कि भविष्य में वह अपने शब्दों और अभिव्यक्ति को लेकर अधिक संयम और जिम्मेदारी बरतेंगे।

Next Post

'बिंदिया के बाहुबली' सीज़न 2, 21 जनवरी से अमेज़न प्राइम वीडियो और अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होगा

Fri Jan 16 , 2026
मुंबई, 16 जनवरी (वार्ता) शो ‘बिंदिया के बाहुबली’ सीज़न 2, 21 जनवरी से अमेज़न प्राइम वीडियो और अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होगा। ‘बिंदिया के बाहुबली’ की दमदार दुनिया एक बार फिर वापसी के लिए तैयार है। 21 जनवरी को रिलीज़ होने जा रहे इसके दूसरे सीज़न का ट्रेलर साफ […]

You May Like