
सीधी। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को सीधी नगर भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। जन्माष्टमी को लेकर नगर में सुबह से ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन किए गए, वहीं शाम को भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा पूजा पार्क से निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे नगर में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं लीलाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां सजाई गईं, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालु भक्ति गीतों और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शोभायात्रा आगे बढ़ी, जहां जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
शोभायात्रा के दौरान सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक ने भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारकर विधिवत स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आयोजन से जुड़े लोग मौजूद रहे। जन्मोत्सव के अवसर पर शोभायात्रा के बाद मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही मुंबई से आए कलाकारों द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। आयोजन को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कोतवाली पुलिस सहित जिले के पुलिस लाइन का विशेष पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा शोभायात्रा के मार्ग पर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखी गई।
