गैस सिलेंडर की सप्लाई में बड़ी धांधली, 342 सिलेंडर जब्त, 27 में मिली गैस की कमी

भोपाल: राजधानी में गैस की किल्लत से जूझ रही जनता को राहत मिलने से पहले ही गैस सिलेंडरों में हेराफेरी का मामला सामने आ गया है. अयोध्या बायपास स्थित सैनी गैस एजेंसी के लिए सप्लाई किए जा रहे सिलेंडरों में गड़बड़ी पाए जाने पर जिला आपूर्ति विभाग ने 342 सिलेंडर जब्त कर जांच शुरू कर दी है.जांच की शुरुआत भौंरी के बकानिया स्थित इंडेन ऑयल कंपनी के डिपो से की गई है. अधिकारियों ने सिलेंडर सप्लाई करने वाले वाहनों का रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और जीपीएस लोकेशन तलब की है. साथ ही सिलेंडरों के वजन से संबंधित पर्चियों की भी जांच की जा रही है. रिकॉर्ड के परीक्षण के बाद दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी है.

दरअसल, 10 अप्रैल को डिपो से सैनी गैस एजेंसी तक सप्लाई के दौरान 342 सिलेंडरों में से 27 सिलेंडरों में 2 से 3 किलो तक गैस कम पाई गई, जबकि 5 सिलेंडर बिना सील के मिले. इससे पूरी सप्लाई व्यवस्था संदेह के घेरे में आ गई है.फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि जीपीएस डेटा से ट्रक के रुकने के स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही डिपो से गोदाम तक मात्र 20 किमी की दूरी तय करने में 13 घंटे लगने की वजह भी जांच के दायरे में है. ट्रांसपोर्टर से भी वाहनों की डिटेल मांगी गई है.

इधर, गैस एजेंसी संचालक ने किसी भी तरह की संलिप्तता से इंकार किया है. सिलेंडर सप्लाई का ठेका श्रीबालाजी ट्रांसपोर्ट, ग्वालियर को दिया गया है.फूड कंट्रोलर के अनुसार, इससे पहले भी सैनी गैस एजेंसी के खिलाफ सिलेंडरों में गैस कम मिलने का मामला दर्ज किया जा चुका है और रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी गई थी. इस बार फिर गड़बड़ी सामने आने पर ऑयल कंपनी एजेंसी का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई कर सकती है.

Next Post

स्वर साम्राज्ञी आशा भोसले का निधन: संगीत जगत में शोक की लहर, विरासत में छोड़ गईं हजारों अमर गीत

Sun Apr 12 , 2026
मुंबई: भारतीय संगीत जगत को गहरा आघात पहुंचा है। स्वर साम्राज्ञी आशा भोसले के निधन की खबर सामने आते ही देश भर में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को उन्हें तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।करीब […]

You May Like