इंदौर: शहर के पश्चिम क्षेत्र में नवनिर्मित जिला अस्पताल का बुधवार को मुख्यमंत्री लोकार्पण करेंगे. मुख्यमंत्री ने महापौर से मुलाकात में उक्त कार्यक्रम की स्वीकृति दी.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कल भोपाल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भेंट की थी. इस दौरान उन्होंने इंदौर में नवनिर्मित जिला अस्पताल के जल्दी लोकार्पण का आग्रह किया. महापौर के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल का उद्घाटन करने की सहमति दी.
इस दौरान महापौर ने शहर के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री से चर्चा भी की. इसके अलावा महापौर ने भोपाल में वरिष्ठ अधिकारी मनु श्रीवास्तव से भी मुलाकात कर इंदौर में सोलर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं की प्रगति और तेजी से आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा की. बैठक में शहर में अक्षय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने तथा सोलर योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया गया. महापौर ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से शहर में स्वास्थ्य, ऊर्जा और विकास से जुड़ी योजनाओं को और अधिक गति मिलेगी.
