
सिंगरौली । जिला चिकित्सालय ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में सीईडीएमएपी के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के लंबित वेतन और अन्य भुगतानों का मामला सामने आया है। सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मी, वार्ड बॉय सहित अन्य कर्मचारियों ने आज गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों के एकजुटता को देख मानदेय का भुगतान खाते में करा दिया गया है।
कर्मचारियों ने ज्ञापन में बताया कि वे ट्रॉमा सेंटर में लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन पिछले दो माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा पिछले तीन माह से पीएफ की राशि जमा नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है। कर्मचारियों के अनुसार एरियर और अन्य निर्धारित भुगतानों का मामला भी लंबे समय से लंबित है। कर्मचारियों का कहना है कि नियमित रूप से सेवाएं देने के बावजूद समय पर वेतन और मानदेय नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक परेशानियां खड़ी हो रही हैं। उन्होंने पद के अनुसार निर्धारित मानदेय और अन्य देय राशि का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर से दो माह के लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराने, तीन माह के पीएफ की जांच कर राशि जमा कराने तथा एरियर सहित अन्य बकाया भुगतानों का निराकरण कराने की मांग की गई। कर्मचारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करना नहीं है। सफाई कर्मियों समेत अन्य स्टाफ के कड़े तेवर को देख अस्पताल प्रबंधन एवं सेडमैप ठेकेदार ने आनन-फानन में संविदाकर्मियों के खाते में भुगतान करा दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से विज्ञप्ति भी जारी की गई है। हालांकि इसे सफाई कर्मी अच्छा मान रहे हैं कि जिला प्रशासन संविदाकर्मियों के दुख-दर्द को समझा है।
