
रीवा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय ने रीवा में संचालित आयुष्मान अस्पताल के संचालन पर आगामी आदेश तक अंतरिम रोक लगाने के आदेश दिए हैं. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने अस्पताल के संचालक डॉ. प्रियंका सिंह को अस्पताल में भर्ती मरीजों को उनकी स्थिति के अनुसार अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं में समुचित इलाज के लिए भेजने की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं. इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 23 सितम्बर को रात में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम ने नए बस स्टैण्ड के पास संचालित आयुष्मान अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान चिकित्सक के विरूद्ध अनैतिक एवं असामाजिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने संबंधी शिकायत के प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर अस्पताल के संचालन पर रोक लगाई गई है.
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अस्पताल संचालक को कारण बताओ नोटिस दिया गया है. नोटिस का तीन दिन में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर एक पक्षीय कार्रवाई की जाएगी. नोटिस का जवाब मिलने तक अस्पताल के संचालन में अंतरिम रोक के आदेश दिए गए हैं. निरीक्षण के दौरान पैरामेडिकल स्टाफ परिवर्तन की सूचना न देने, वर्ष 2024 से अब तक रोगियों के मौत की एक भी घटना की सूचना न देने, अस्पताल में इलाज के दौरान डॉ. केडी सिंह के साथ बीएचएमएस डॉक्टर द्वारा उपचार करते पाए जाना तथा अस्पताल में निर्धारित बेड संख्या सौ के अनुपात में रोगियों की परिचर्या के लिए पर्याप्त चिकित्सा कर्मी न पाए जाने पर नोटिस दिया गया. अस्पताल में शासकीय सेवक चिकित्सक डॉ. केडी सिंह को सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना रोगियों का उपचार करते हुए पाया गया तथा उन्हें अनैतिक एवं असामाजिक गतिविधि में लिप्त पाया गया.
