प्रख्यात पत्रकार-संपादक संकर्षण ठाकुर नहीं रहे

नयी दिल्ली, 08 सितंबर, (वार्ता) प्रख्यात पत्रकार और संपादक संकर्षण ठाकुर का सोमवार को यहां निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे। उनके परिवार ने यह जानकारी दी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर ‘द ब्रदर्स बिहारी’ के नाम से पुस्तक लिखने वाले दिवंगत ठाकुर अपनी तीक्ष्ण राजनीतिक अंतर्दृष्टि और विचारोत्तेजक लेखन के लिए जाने जाने जाते थे। उन्होंने ‘द टेलीग्राफ’ में राष्ट्रीय मामलों के संपादक के रूप में कार्य किया और 2023 में इसके संपादक नियुक्त किये गये। उन्हें गुरुग्राम के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था और हाल ही में उनकी सर्जरी हुई थी।
द टेलीग्राफ में अपनी भूमिका के अलावा दिवंगत ठाकुर मीडिया सम्मेलनों और प्राइम टाइम टेलीविजन शो में नियमित पैनलिस्ट भी रहते थे। अपनी किताब ‘द ब्रदर्स बिहारी’ में उन्होंने श्री नीतीश कुमार और श्री लालू प्रसाद यादव के जीवन के माध्यम से बिहार की राजनीतिक गतिशीलता का अन्वेषण किया है। इस किताब को इसकी कथात्मक गहरायी और सूक्ष्म विश्लेषण के लिए सराहा गया। उल्लेखनीय है कि बाद में ‘द ब्रदर्स बिहारी’ का हिंदी अनुवाद ‘बंधु बिहारी’ के नाम से भी बहुचर्चित रहा।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने श्री ठाकुर के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। सुश्री बनर्जी ने अपने शोक संदेश में कहा, “टेलीग्राफ अखबार के संपादक संकर्षण ठाकुर के निधन से दुखी हूं। वह एक प्रतिभाशाली और प्रतिष्ठित पत्रकार थे, जिन्होंने समकालीन राजनीतिक इतिहास पर महत्वपूर्ण लेखन किया था।”
सुश्री बनर्जी ने उनके परिवार, मित्रों और रिश्तेदारों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की है।

Next Post

दिल्ली में बच्चों की तस्करी करने वाला गिरोह बेनकाब, डॉक्टर समेत 10 गिरफ्तार

Mon Sep 8 , 2025
दिल्ली में बच्चों की तस्करी करने वाला गिरोह बेनकाब, डॉक्टर समेत 10 गिरफ्तार नयी दिल्ली, 08 सितंबर (वार्ता) दक्षिण-पूर्व दिल्ली की विशेष अन्वेषण टीम (एसआईटी) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बच्चों के अपहरण और तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह में शामिल आगरा के […]

You May Like