
जबलपुर। सिहोरा थाना अंतर्गत बरखेड़ा गांव में जहरीले सांप के काटने से पिता की मौत के बाद गहरे सदमे को बेटी बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसने भी दम तोड़ दिया। जिसके बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। जब एक साथ दोनों की अर्थियां उठी तो वहां मौजूद हर आंख नम हो गई ।
जानकारी के अनुसार, बरखेड़ा निवासी 35 वर्षीय रामस्वरूप कोल को एक जहरीले सांप ने काट लिया था। सांप का जहर शरीर में फैलने के कारण उनकी हालत तेजी से बिगडऩे लगी। घबराए परिजन उन्हें तुरंत स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल रेफर कर दिया गया जहां अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान रामस्वरूप की मौत हो गई। पिता की मौत की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई। रामस्वरूप की 15 वर्षीय बेटी लक्ष्मी कोल अपने पिता के बेहद करीब थी। वह इस बात को स्वीकार ही नहीं कर पा रही थी कि उसके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे। पिता के शव को देखते ही लक्ष्मी गहरे सदमे में चली गई। जब पिता का अंतिम संस्कार चल रहा था तभी उसकी भी तबीयत बेहद खराब हो गई। घबराए परिजन जब तक लक्ष्मी को संभाल पाते या डॉक्टर के पास ले जाते, तब तक सदमे के कारण उसकी भी मौत हो गई। एक ही घर से पिता और बेटी की अर्थी एक साथ उठी तो गांव में मातम पसर गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर लिया है।
