नवजात बालिका का पानी भरे ड्रम में मिला शव 

सीधी। चुरहट थानांतर्गत ग्राम भेलकी 820 में एक नवजात बालिका का पानी से भरे नीले ड्रम में डूबी हालात में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई । महज दो दिन पहले जन्मी मासूम प्रिशा पटेल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भेलकी 820 निवासी पंकज पटेल पिता हरिहर प्रसाद पटेल उम्र 23 वर्ष की पत्नी सोनू पटेल ने दिनांक 26 जुलाई 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट में एक स्वस्थ बालिका को जन्म दिया था। नवजात का नाम प्रिशा पटेल रखा गया था। बताया गया कि दिनांक 28 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 11 बजे जच्चा और बच्चा दोनों को स्वस्थ्य अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद परिजन दोनों को घर लेकर पहुंचे। परिजनों के अनुसार आज सुबह लगभग 11:30 बजे बच्ची घर में दिखाई नहीं दी। काफी देर तक इधर-उधर तलाश करने के बाद परिजनों की नजर घर में रखे पानी से भरे नीले ड्रम पर पड़ी। ड्रम में देखने पर नवजात बालिका पानी में डूबी हुई अवस्था में मिली। परिजनों ने तत्काल डायल 112 पर घटना की सूचना दी और बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद नवजात बालिका को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर चुरहट पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महज दो दिन की नवजात बच्ची पानी से भरे ड्रम तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। घटना को लेकर पुलिस परिजनों के बयान, घटनास्थल की परिस्थितियों तथा अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच और आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही हो सकेगा।

Next Post

छुहिया घाटी में बेकाबू ट्रक टुकड़ो में बंटा ,अगला हिस्सा गहरी खाई में जा गिरा 

Thu Jul 30 , 2026
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थाना के पुलिस चौकी पिपरांव अंतर्गत छुहिया घाटी में सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक दो टुकड़ों में बंट गया, जिससे वाहन का अगला हिस्सा पहाड़ी से नीचे जा गिरा और पिछला हिस्सा सडक़ पर […]

You May Like