
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थाना के पुलिस चौकी पिपरांव अंतर्गत छुहिया घाटी में सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक दो टुकड़ों में बंट गया, जिससे वाहन का अगला हिस्सा पहाड़ी से नीचे जा गिरा और पिछला हिस्सा सडक़ पर रह गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए रीवा रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार सुबह सडक़ पर लोगों की भीड़ एकत्र देखकर उन्होंने गाड़ी रोकी। मौके पर ट्रक दो हिस्सों में टूटा मिला और चालक गंभीर हालत में पड़ा था। स्थानीय निवासियों ने पुलिस के साथ मिलकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही पिपराव चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी शेषमणि मिश्रा ने बताया कि सडक़ पर खड़े ट्रक के पिछले हिस्से को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई, जिससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को सुचारु कराया जा सके। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण वाहन की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस घायल चालक और ट्रक मालिक की पहचान करने के प्रयास में जुटी है, वहीं दुर्घटना के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है।
