सिंगरौली: कलेक्टर गौरव बैनल द्वारा राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में उपखंड अधिकारी सिंगरौली सुरेश जाधव ने तहसील सिंगरौली अंतर्गत राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार वृत्त सासन एवं नायब तहसीलदार वृत्त खुटार में लंबित एवं प्रचलित राजस्व प्रकरणों की फाइलों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण पेशी से न छूटे तथा सभी प्रकरण अनिवार्य रूप से आरसीएमएस पोर्टल में दर्ज किए जाएं। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्यालय में पाई गई कमियों को एक सप्ताह के भीतर दूर कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए। वहीं, प्रवाचक वृत्त खुटार द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित को नोटिस जारी किया गया।
