देहरादून एक्सप्रेसवे पर दिल्ली में बनेंगे तीन पैदल पुल, लगेंगी लिफ्ट : हर्ष मल्होत्रा

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (वार्ता) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे के दिल्ली खंड पर दो पैदल पुलों की बुधवार को आधारशिला रखी और कहा कि तीसरे पुल के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।

श्री मल्होत्रा ने गीता कॉलोनी-गांधी नगर तथा रमेश पार्क, लक्ष्मी नगर में इन पैदल पुलों की आधारशिला रखते हुए बताया कि दोनों पुल लिफ्ट की सुविधा से युक्त होंगे, जिससे पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही भजनपुरा, गढ़ी मेंडू के पास एक और पैदल पुल को मंजूरी दी गई है। तीनों पुलों की कुल लागत 12.8 करोड़ रुपये होगी।

उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है और प्रमुख आवासीय, वाणिज्यिक तथा स्थानीय आवागमन मार्गों को जोड़ता है। ऐसे में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित बुनियादी ढांचा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। लिफ्ट की सुविधा से वरिष्ठ नागरिकों, चलने-फिरने में कठिनाई वाले लोगों, छात्रों, श्रमिकों और अन्य पैदल यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

गांधी नगर के विधायक और ट्रांस यमुना विकास बोर्ड के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, लक्ष्मी नगर के विधायक एवं दिल्ली विधानसभा के मुख्य सचेतक अभय वर्मा, कृष्णा नगर के विधायक डॉ. अनिल गोयल, स्थानीय पार्षद और क्षेत्र के प्रमुख नागरिकों की मौजूदगी में श्री मल्होत्रा ने बताया कि एक्सप्रेसवे के दिल्ली खंड के ऊंचे हिस्से के नीचे पार्किंग सुविधाओं का निर्माण शुरू हो गया है और व्यापक सौंदर्यीकरण योजना भी प्रगति पर है। इसके तहत पार्किंग के साथ बिजली से चलने वाले वाहनों के लिए चार्जिंग, शौचालय और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि एक्सप्रेसवे के दिल्ली खंड के ऊंचे हिस्से पर सौर पैनल लगाए जा रहे हैं। इससे नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और पारंपरिक बिजली स्रोतों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

 

Next Post

भाजपा में शामिल हुए मेघालय के यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के आठ विधायक

Wed Sep 23 , 2026
नयी दिल्ली /शिलांग, 23 सितंबर (वार्ता) मेघालय के यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के आठ विधायक बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह के दौरान इन विधायकों को पार्टी की सदस्यता दिलायी। भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों […]

You May Like