इस्लामाबाद, 23 सितंबर (वार्ता) पाकिस्तान में प्रशासन ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले राजधानी इस्लामाबाद में प्रवेश करने वाली प्रमुख सड़कों को बंद करना शुरू कर दिया है। इस्लामाबाद पुलिस ने बुधवार को बताया कि इस्लामाबाद-पेशावर मोटरवे, इस्लामाबाद-डेरा इस्माइल खान मोटरवे और ग्रैंड ट्रंक रोड को बुधवार शाम से कई स्थानों पर बंद किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से यात्रा की योजना उसी के अनुरूप बनाने का आग्रह किया है। पाकिस्तान के स्थानीय मीडिया के अनुसार, सड़क बंदी अनिश्चितकालीन है और इसका उद्देश्य श्री खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के समर्थकों को 27 सितंबर को राजधानी में मार्च करने से रोकना है।
श्री खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। उन्हें कई मामलों में दोषी ठहराया गया था, हालांकि उनकी पार्टी ने इन मामलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया है। इनमें से अधिकांश मामलों में बाद में अपील के दौरान सजा निलंबित या फैसले पलटे जा चुके हैं। श्री खान की सेहत, विशेषकर उनकी दायीं आंख की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। उनकी आंख के उपचार के लिए कई महीनों से विशेषज्ञ चिकित्सा की आवश्यकता बताई गई है। पीटीआई ने उनकी रिहाई के लिए अभियान तेज किया है। प्रस्तावित मार्च में लोगों के पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची से करीब 1,150 किलोमीटर और लाहौर से करीब 270 किलोमीटर की दूरी तय कर इस्लामाबाद पहुंचने की योजना थी।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, अधिकारियों ने राजधानी और उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा से आने वाले प्रमुख मार्ग अटक पुल पर करीब 2,000 मालवाहक कंटेनर तैनात किए हैं। खैबर पख्तूनख्वा और पंजाब के बीच एक अन्य महत्वपूर्ण मार्ग हारून पुल पर भी कंटेनर और रेत की बोरियां रखी गई हैं। अटक जिले में करीब 30,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने सोमवार को पीटीआई को प्रदर्शन के खिलाफ चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि ऐसे कदमों से कोई उद्देश्य हासिल नहीं किया जा सकता और पार्टी को प्रदर्शन से पहले स्थिति पर पुनर्विचार करना चाहिए।
इस बीच, एक अन्य विपक्षी दल जमात-ए-इस्लामी ने ऊंची ईंधन कीमतों के विरोध में रविवार को कराची से इस्लामाबाद के लिए अपना मार्च शुरू किया था। पार्टी प्रमुख हाफिज नईमुर रहमान ने रवाना होने से पहले कहा था कि यदि सरकार पेट्रोलियम पर 100 पाकिस्तानी रुपये से अधिक प्रति लीटर का लेवी नहीं हटाती है तो आंदोलन सरकार हटाने के अभियान में बदल सकता है। पंजाब प्रांत के मुल्तान पहुंचने के बाद रहमान ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अनुरोध पर मार्च स्थगित किया जाएगा। दोनों नेताओं के बीच इस मुद्दे पर बैठक प्रस्तावित है। इसी बीच, पुलिस ने रविवार को श्री खान की बहन अलीमा खान को लाहौर स्थित उनके आवास से सार्वजनिक व्यवस्था संबंधी कानून के तहत गिरफ्तार किया। उनकी दो अन्य बहनों उजमा खान और नोरीन नियाजी समेत कई अन्य रिश्तेदारों को भी गिरफ्तार किया गया है।

